Search
Close this search box.

वाराणसी मंडल में अवैध वेंडिंग के खिलाफ कार्रवाई तेज, ट्रेनों में अनधिकृत पानी और बिना टिकट यात्री पकड़े गए

वाराणसी । मंडल में ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर अवैध वेंडिंग तथा अनधिकृत पानी की बोतलों की बिक्री के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान के नेतृत्व में वाणिज्य निरीक्षकों की टीम छपरा, सीवान, बलिया और गाजीपुर सिटी सहित प्रमुख स्टेशनों पर लगातार कार्रवाई कर रही है।

इसी क्रम में 14 अप्रैल 2026 को गाड़ी संख्या 12562 डाउन स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस (बलिया से छपरा जंक्शन के बीच) में पेंट्री कार के अंदर अनधिकृत पानी के साथ 6 व्यक्ति बिना टिकट यात्रा करते पाए गए। पकड़े गए सभी यात्रियों का जुर्माने सहित टिकट बनाकर कुल 4910 रुपये रेलवे राजस्व के रूप में वसूले गए। इसके साथ ही पेंट्री कार से 70 बोतल अनधिकृत “दिव्य जल” ब्रांड पानी जब्त कर पार्सल कार्यालय छपरा जंक्शन को आगे की कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया।

वहीं, गाड़ी संख्या 14006 डाउन लिच्छवी एक्सप्रेस (मऊ से सीवान जंक्शन के बीच) में पेंट्री कार से 12 कार्टून अनधिकृत “अनुजल” ब्रांड पानी बरामद किया गया। इन कार्टूनों को सीज कर वाणिज्य अधीक्षक सीवान को सुपुर्द किया गया।

इसके अतिरिक्त गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर भी कार्रवाई करते हुए 3 अनधिकृत वेंडरों को पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर, कोल्ड ड्रिंक और आइसक्रीम बेचते पकड़ा गया। जब्त सामान सहित उन्हें रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गाजीपुर सिटी को अग्रिम कार्रवाई हेतु सौंपा गया।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Comment

और पढ़ें