गुजरात के वलसाड जिले में पुलिस ने एक हाईप्रोफाइल चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो लग्जरी कारों में घूमकर पॉश इलाकों के आलीशान बंगलों को निशाना बनाता था। इस गिरोह की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इसके दो मुख्य आरोपी रिश्ते में साली-जीजा हैं, जो खुद भी एक शानदार फार्महाउस में रहते थे।
मामला वापी के जीआईडीसी इलाके के पॉश गुंजन क्षेत्र में स्थित एक अधिकारी के बंगले में हुई करोड़ों रुपये के जेवरात की चोरी से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम दिया। चोर बंगले के पीछे स्थित रसोई के दरवाजे को तोड़कर अंदर घुसे और सीधे बेडरूम में पहुंचकर तिजोरी में रखे लाखों रुपये के सोने के आभूषण और कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बंगले के मालिक की शिकायत पर जीआईडीसी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने गिरोह का सुराग लगाया और दोनों मुख्य आरोपियों को नासिक से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।








