वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक मां पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर 10 साल के मासूम बेटे की हत्या करवाने का आरोप लगा है। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के मुताबिक, सोना शर्मा के पति की करीब दो साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद उसकी नजदीकियां फैजान नाम के युवक से बढ़ीं और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। बताया जा रहा है कि 10 वर्षीय सूरज ने एक दिन अपनी मां और फैजान को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। आरोप है कि इसी के बाद दोनों को डर सताने लगा कि बच्चा कहीं यह बात परिवार या आसपास के लोगों को न बता दे।
मंगलवार को सूरज अचानक घर से लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने रामनगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस जांच के दौरान मां और उसके प्रेमी की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने कथित तौर पर बच्चे की हत्या की बात कबूल कर ली।
पुलिस के अनुसार, आरोपी फैजान ने पूछताछ में बताया कि बच्चा उनके रिश्ते के बीच “रुकावट” बन रहा था, इसलिए उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची गई। मामले में उस समय और सनसनी फैल गई जब हत्या स्थल पर ले जाते समय आरोपी ने पुलिस की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया।
डीसीपी गौरव बंसवाल ने बताया कि बच्चे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद जांच शुरू की गई थी, जिसमें पूरे मामले का खुलासा हुआ। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।








