Search
Close this search box.

315 करोड़ की लागत से बनेगा 500 बेड का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, कबीरचौरा में हुआ भूमि पूजन

वाराणसी। जनपद के ऐतिहासिक कबीरचौरा स्थित श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय अब अत्याधुनिक 500 बेडेड मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा। 315.48 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमि पूजन पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा 28 अप्रैल को परियोजना का शिलान्यास किया गया था।

करीब 150 वर्ष पुराने इस अस्पताल को आधुनिक तकनीक और विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं से लैस आठ मंजिला सुपर स्पेशियलिटी सेंटर में बदला जाएगा। नए अस्पताल में हार्ट, कैंसर, न्यूरो, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी और प्लास्टिक सर्जरी जैसी उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। गंभीर मरीजों के लिए 50 से अधिक आईसीयू बेड और 100 से ज्यादा एचडीयू बेड की व्यवस्था की जाएगी, जबकि किडनी रोगियों हेतु 20 बेड का आधुनिक डायलिसिस सेंटर भी बनाया जाएगा।

अस्पताल में ओपीडी, आईपीडी, इमरजेंसी यूनिट, आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, ब्लड बैंक, पैथोलॉजी, बर्न वार्ड, चाइल्ड यूनिट और पेलिएटिव केयर जैसी सुविधाएं भी विकसित होंगी। मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए 600 से अधिक वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।

डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि यह परियोजना पूर्वांचल, बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के लाखों मरीजों के लिए वरदान साबित होगी तथा काशी में स्वास्थ्य सेवाओं के नए युग की शुरुआत करेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें