गाजीपुर । जनपद के शादियाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत बादशाहपुर के पास सोमवार सुबह लगभग 5 बजे जंगीपुर-वाराणसी मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो और पाइप लदे ट्रैक्टर के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक ही परिवार के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि आठ माह के मासूम विवान कश्यप की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार थाना दुल्लापुर निवासी नरेंद्र कश्यप अपनी पत्नी संजू देवी का इलाज कराने के लिए वाराणसी जा रहे थे। बोलेरो में उनके साथ पत्नी संजू कश्यप, माता अनुसूया देवी, भाई दिलीप कश्यप, आठ माह का पुत्र विवान कश्यप तथा चालक शिवम यादव सवार थे। इसी दौरान बादशाहपुर के समीप सामने चल रहे पाइप लदे ट्रैक्टर से बोलेरो की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही शादियाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। हादसे में दिलीप कश्यप और अनुसूया देवी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जबकि अन्य घायलों का उपचार गाजीपुर सदर अस्पताल में चल रहा है।

चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।








