बलिया । रसड़ा नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल बुधवार देर शाम प्रशासन और सफाई कर्मचारी संघ के बीच हुई वार्ता के बाद समाप्त हो गई। सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष उमाशंकर रावत के नेतृत्व में कर्मचारी अपनी 7 सूत्रीय मांगों को लेकर 11 मई सोमवार से आंदोलन कर रहे थे। कर्मचारियों का कहना था कि दो माह पूर्व उनकी विभिन्न मांगें नगर पालिका प्रशासन के समक्ष रखी गई थीं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।
हड़ताल के कारण लगातार तीन दिनों तक नगर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप रही। इससे नगर के 25 वार्डों, गली-मोहल्लों तथा मुख्य सड़कों पर कूड़े-कचरे का अंबार लग गया और नगर की स्थिति नारकीय हो गई थी। नालियों में जमा गंदगी, सड़ांध और बढ़ते मच्छरों से लोगों में संक्रामक रोग फैलने की आशंका बढ़ गई थी।
बुधवार को देर शाम तक चली वार्ता में नगर पालिका ईओ सुरेश कुमार मौर्य ने कर्मचारियों से काम पर लौटने की अपील करते हुए मांगों के समाधान के लिए 20 दिन का समय मांगा। इस पर संघ ने चेतावनी के साथ मोहलत दी। आश्वासन मिलने के बाद गुरुवार से कर्मचारी सफाई कार्य में जुट गए।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।










