वाराणसी । के वार्ड नंबर 75 शिवाला की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। पिछले लगभग 15 दिनों से क्षेत्र के लोग जलभराव, गंदगी और सीवर के दूषित पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। हालात इतने खराब हैं कि कई घरों में गंदा सीवर का पानी घुस चुका है, जिससे लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं और स्थानीय निवासी अपने घरों से बाहर निकलने तक में कठिनाई महसूस कर रहे हैं।
क्षेत्र में स्थित मछली मंडी के कारण बदबू और गंदगी की समस्या और अधिक बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरे इलाके में संक्रमण और बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। मच्छरों और दूषित वातावरण के चलते बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
निवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि तत्काल मौके का निरीक्षण कर जलनिकासी, सीवर सफाई और मछली मंडी की व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।







