चन्दौली। /डीडीयू नगर। द गुरुकुलम स्कूल, वाराणसी में “इन्वेस्टिचर सेरेमनी 2026” का भव्य एवं गरिमामयी आयोजन संस्कारम हॉल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य नव-निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं सेवा भावना का विकास करना रहा। समारोह में विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, अभिभावक एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी एवं 91 यूपी बटालियन एनसीसी मुगलसराय के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अमर सिंह रहे। उनके साथ विद्यालय के डायरेक्टर अभिषेक सिंह, प्रधानाचार्या प्रियंका मुखर्जी, उप प्रधानाचार्या शिल्पा शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मंचासीन रहे। दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
इसके बाद हेड बॉय, हेड गर्ल, स्पोर्ट्स कैप्टन एवं हाउस कैप्टनों को बैज पहनाकर शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि कर्नल अमर सिंह ने विद्यार्थियों को अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और जिम्मेदारी का संदेश दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को और आकर्षक बना दिया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया।






