मीरजापुर । में समाज कल्याण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गुरुवार को जवाहर नवोदय विद्यालय, पटेहराकलां के खेल मैदान में भव्य मेगा इवेंट आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकास खंडों एवं नगर निकायों से आए कुल 295 जोड़ों का सामूहिक विवाह विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। इनमें अनुसूचित जाति के 233, अनुसूचित जनजाति के 1, अन्य पिछड़ा वर्ग के 55, सामान्य वर्ग के 2 तथा अल्पसंख्यक वर्ग के 4 जोड़े शामिल रहे।
कार्यक्रम में विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल, विधायक मझवां शुचिस्मिता मौर्य, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष जगदीश सिंह पटेल, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की तथा उपहार सामग्री और प्रमाण-पत्र वितरित किए।
वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को कुल एक लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाती है, जिसमें 60 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में भेजे जाएंगे। वहीं 25 हजार रुपये की सामग्री तथा 15 हजार रुपये आयोजन व्यवस्था पर खर्च किए जाते हैं।






