सीबीएसई द्वारा घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम में मीरजापुर स्थित सेमफोर्ड स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय के 77 विद्यार्थियों में से 9 छात्रों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया। छात्रा कवलीन कौर ने 97 प्रतिशत अंक हासिल कर जनपद में दूसरा स्थान प्राप्त करते हुए विद्यालय को गौरवान्वित किया। वहीं आयुषी पाण्डेय ने 92.4 प्रतिशत और कु० विभा ने 91.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर क्रमशः दूसरा एवं तीसरा स्थान हासिल किया।

विषयवार प्रदर्शन में भी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट उपलब्धियां दर्ज कीं। पेंटिंग विषय में रितु दुबे, अमन कुमार गुप्ता, देवांशि खत्री एवं कवलीन कौर ने 100 में 100 अंक प्राप्त किए। इंफॉर्मेटिक्स प्रैक्टिस, बिजनेस स्टडीज और इकोनॉमिक्स में भी कवलीन कौर ने सर्वोच्च अंक हासिल किए। विद्यालय परिसर में सफल छात्रों एवं उनके अभिभावकों को पुष्पगुच्छ एवं मिठाई देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के डायरेक्टर विवेक बरनवाल एवं श्रीमती शिप्रा बरनवाल ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानाचार्य संतोष कुमार सिंह एवं शाखा प्रधानाचार्या श्रीमती श्वेता मेहरोत्रा खत्री ने इसे विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।






