Search
Close this search box.

तीन माह से वेतन न मिलने पर भड़के एनएचएम संविदाकर्मी, 21 मई से ‘नो पे-नो वर्क’ की चेतावनी

गाजीपुर । जनपद में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों ने लंबित मानदेय भुगतान को लेकर शुक्रवार को आंदोलन का ऐलान कर दिया। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर कर्मचारियों ने मिशन निदेशक एनएचएम को संबोधित ज्ञापन प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सौंपते हुए तीन माह से रुके वेतन के तत्काल भुगतान की मांग की।

जिला अध्यक्ष राघवेंद्र शेखर सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों ने कहा कि वे पूरी निष्ठा के साथ स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन लगातार तीन महीने से मानदेय नहीं मिलने के कारण आर्थिक संकट गहरा गया है। कर्मचारियों ने बताया कि परिवार का भरण-पोषण और दैनिक जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो रहा है।

संगठन ने प्रशासन को 20 मई तक का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा तक भुगतान नहीं हुआ तो 21 मई से जिले के सभी एनएचएम संविदाकर्मी “नो पे-नो वर्क” नीति के तहत पूर्ण कार्य बहिष्कार पर चले जाएंगे।

कर्मचारियों ने कहा कि आंदोलन से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने पर इसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।प्रदर्शन के दौरान अनिल कुमार शर्मा, मोहम्मद अजहर खान, अरुण कुमार सिंह, राधेश्याम यादव समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।

संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।

Leave a Comment

और पढ़ें