वाराणसी । जनपद के लोहता थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहता कस्बा और हरपालपुर के मिश्रित आबादी वाले इलाकों में मंगलवार को थाना प्रभारी दिगम्बर उपाध्याय के नेतृत्व में व्यापक पैदल गश्त अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी। अभियान के तहत काली फिल्म लगी गाड़ियों, बिना नंबर प्लेट वाहनों तथा कम उम्र के लड़कों द्वारा वाहन चलाने वालों की सघन जांच की गई।

थाना प्रभारी ने सड़क किनारे अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों और लोगों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक मार्ग पर किसी भी प्रकार का सामान रखकर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की।

वहीं क्षेत्र में लोहता थाना पुलिस द्वारा भारी मात्रा में गांजा पकड़े जाने की भी सूचना मिल रही है। हालांकि पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। लगातार चल रहे अभियान से क्षेत्र में हड़कंप का माहौल है तथा लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।






