Search
Close this search box.

दुद्धी में अतिक्रमण हटाओ अभियान बेअसर, तहसील गेट-शिवाजी तालाब मार्ग पर फिर लगा जाम

सोनभद्र । दुद्धी तहसील गेट से शिवाजी तालाब जाने वाले मुख्य मार्ग पर कुछ दिन पूर्व उपजिलाधिकारी निखिल यादव के नेतृत्व में चलाया गया अतिक्रमण हटाओ अभियान स्थायी असर नहीं छोड़ सका। अभियान के अगले ही दिन से सड़क किनारे और फुटपाथ पर दुकानदारों ने फिर से कब्जा जमा लिया, जिससे यातायात व्यवस्था एक बार फिर बाधित हो गई। गुरुवार को मार्ग पर हालात ऐसे रहे कि पैदल राहगीरों के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन भी लंबे समय तक जाम में फंसे रहे।

सड़क के दोनों ओर फैले अतिक्रमण के कारण मार्ग संकरा हो गया और आवागमन प्रभावित रहा। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि केवल एक दिन की कार्रवाई से समस्या का समाधान संभव नहीं है। उनका मानना है कि नियमित निगरानी, सतत अभियान और दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई ही इस समस्या का स्थायी समाधान हो सकती है।

नगरवासियों ने प्रशासन से तहसील गेट से शिवाजी तालाब मार्ग तक लगातार अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाने, फुटपाथ खाली कराने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि लोगों को जाम से राहत मिले और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें