वाराणसी । नगर कोतवाली क्षेत्र की शाहगंज पुलिस चौकी का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कथित रूप से भाजपा नेत्री पूजा कसौधन पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में एक व्यक्ति को थप्पड़ मारती हुई दिखाई दे रही हैं। वीडियो में उनके द्वारा आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का भी दावा किया जा रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल
यदि वीडियो वास्तविक है, तो यह मामला केवल मारपीट का नहीं बल्कि पुलिस की निष्पक्षता और कानून व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्न खड़े करता है। वीडियो में चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मी मूकदर्शक नजर आ रहे हैं, जिससे यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या पुलिस पर किसी प्रकार का दबाव था। लोगों का सवाल है कि यदि यही घटना किसी सामान्य नागरिक द्वारा की जाती, तो क्या तत्काल कानूनी कार्रवाई नहीं होती।
जांच और कार्रवाई की मांग
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कानूनसम्मत कार्रवाई की मांग उठ रही है। फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से इस वायरल वीडियो की पुष्टि या विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाती है या नहीं।









