Search
Close this search box.

पूर्व मंत्री नारद राय के आवास पर सुंदरकांड व भंडारे का आयोजन, 2027 चुनाव लड़ने के दिए संकेत

बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता नारद राय ने बड़े मंगलवार के पावन अवसर पर चंद्रशेखर नगर कॉलोनी स्थित अपने आवास पर भगवान हनुमान जी की विशेष पूजा-अर्चना, सुंदरकांड पाठ, कीर्तन एवं भंडारे का भव्य आयोजन कराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समर्थक और क्षेत्रीय लोग शामिल हुए।

इस दौरान नारद राय भक्ति में पूरी तरह लीन नजर आए। उन्होंने कीर्तन में झूमते हुए झाल बजाया और हनुमान जी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। पूजा-पाठ के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद एवं भंडारे का वितरण किया गया।

मीडिया से बातचीत करते हुए नारद राय ने कहा कि हनुमान जी की कृपा सभी जनता जनार्दन पर बनी रहे और सभी लोग सुख-समृद्धि के साथ अपना जीवन व्यतीत करें, यही उनकी कामना है। वहीं वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारतीय जनता पार्टी का आशीर्वाद मिला तो वह निश्चित रूप से चुनाव लड़ेंगे।

कार्यक्रम में मौजूद समर्थकों ने नारद राय को विकास पुरुष बताते हुए कहा कि उन्होंने पूर्व में भी क्षेत्र के विकास के लिए सराहनीय कार्य किए हैं और भविष्य में मौका मिलने पर वह और बेहतर कार्य करेंगे।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें