Search
Close this search box.

वाराणसी मंडल में पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत जागरूकता एवं स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित

वाराणसी: विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के उपलक्ष्य में वाराणसी मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता एवं स्वच्छता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (Enhm) अभिषेक राय के नेतृत्व में यह अभियान 15 मई से 5 जून 2026 तक मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में मंगलवार को वाराणसी मंडल के अलग-अलग रेलवे स्टेशनों पर “एनवायरनमेंट अवेयरनेस एंड कंजर्वेशन प्रोग्राम” के तहत कई गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रभात फेरी, प्लास्टिक प्रदूषण की मॉनिटरिंग, सोशल मीडिया अभियान, पोस्टर एवं डिजिटल कंटेंट के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही रेलवे कर्मचारियों के लिए प्लास्टिक वेस्ट कम करने को लेकर कार्यशालाएं भी आयोजित की गईं, जिसमें रेलवे स्टाफ, स्टेशन अधिकारी, छात्र एवं आम लोगों ने सक्रिय भागीदारी की।

मंडल के प्रमुख स्टेशनों बनारस, वाराणसी सिटी, बलिया, गाजीपुर सिटी, आजमगढ़, प्रयागराज रामबाग, सलेमपुर, भटनी, देवरिया सदर, सीवान एवं छपरा में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। प्लेटफॉर्म पर कचरे के पृथक्करण को बढ़ावा देने के लिए तीन रंगों वाले डस्टबिन के उपयोग को लेकर यात्रियों को जागरूक किया गया। रेलवे स्टेशन एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान भी संचालित किया गया।

अभियान के दौरान यात्रियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभाव, जल एवं ऊर्जा संरक्षण तथा पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से पर्यावरण जागरूकता संबंधी संदेश नियमित रूप से प्रसारित किए गए।

रेलवे कर्मचारियों, यात्रियों और हाउसकीपिंग स्टाफ ने सार्वजनिक क्षेत्रों में स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के माध्यम से आमजन को पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी एवं इको-फ्रेंडली उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि स्वच्छ, हरित और जिम्मेदार रेलवे प्रणाली विकसित की जा सके।

Leave a Comment

और पढ़ें