Search
Close this search box.

केयर टेकरों ने मानदेय भुगतान और शोषण रोकने की उठाई मांग, डीएम को सौंपा ज्ञापन

बलिया । सामुदायिक शौचालय केयर टेकर एसोसिएशन के तत्वावधान में मंगलवार को केयर टेकरों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर जिलाधिकारी बलिया को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शनि कुमार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अजय पाल तथा राष्ट्रीय प्रमुख महामंत्री शिव कुमारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में केयर टेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और लंबित मानदेय भुगतान सहित कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

केयर टेकरों ने मांग की कि उनका रुका हुआ मानदेय जल्द से जल्द जारी कराया जाए तथा किसी भी केयर टेकर को बिना उचित कारण कार्य से न हटाया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में मानदेय समूह के खाते में भेजा जाता है, जिससे भुगतान में देरी और पारदर्शिता की कमी बनी रहती है। इसलिए सरकार द्वारा दिया जाने वाला मानदेय सीधे केयर टेकरों के व्यक्तिगत खातों में भेजा जाए, ताकि समय पर भुगतान सुनिश्चित हो सके।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि कई ग्राम प्रधान और सचिव केयर टेकरों का शोषण कर रहे हैं। समय पर भुगतान न होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो रहा है। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर सभी लंबित भुगतान तत्काल कराने तथा भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न होने के लिए स्थायी व्यवस्था लागू करने की मांग की।

केयर टेकरों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें