Search
Close this search box.

गोरखपुर कैंट-वाल्मीकिनगर दोहरीकरण परियोजना का सीआरएस निरीक्षण सम्पन्न, पिपराईच-उनौला रेल खंड पर हुआ स्पीड ट्रायल

वाराणसी । 21 मई 2026 रेलवे परिचालन को अधिक सुरक्षित, सुगम और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन द्वारा इन्फ्रास्ट्रक्चर विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के कार्य तेज़ी से कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में गोरखपुर कैंट-वाल्मीकिनगर दोहरीकरण परियोजना के अंतर्गत उनौला-पिपराईच स्टेशनों के बीच 2.59 किलोमीटर लंबे कट कनेक्शन कार्य के पूर्ण होने पर रेल संरक्षा आयुक्त उत्तर पूर्व सर्किल प्रणजीव सक्सेना ने विस्तृत संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण अभय कुमार गुप्ता तथा मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण की शुरुआत मोटर ट्रॉली से समपार संख्या 4 बीसी के निरीक्षण से हुई। इसके बाद कट कनेक्शन, स्विच एक्सटेंशन जॉइंट, माइनर ब्रिज संख्या-08 तथा मेजर ब्रिज संख्या-09 की गहन जांच की गई। रेल संरक्षा आयुक्त ने समपार फाटकों पर हाईट गेज, गेट सिग्नल, बूम लॉकिंग एवं सुरक्षा उपकरणों की स्थिति परखी और गेटमैनों के संरक्षा ज्ञान का परीक्षण भी किया। उन्होंने रेल पथ फिटिंग्स, बैलास्ट कुशनिंग, साइट बोर्ड, सिग्नलों के संस्थापन तथा ओवरहेड लाइन की मानक स्थिति का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के उपरांत रेल संरक्षा आयुक्त ने निरीक्षण स्पेशल ट्रेन से पिपराईच-उनौला रेल खंड का स्पीड ट्रायल पूरा किया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस परियोजना के पूर्ण होने से रेल परिचालन अधिक सुरक्षित और तेज़ होगा तथा क्षेत्रीय यातायात व्यवस्था को बड़ा लाभ मिलेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें