वाराणसी । में महिलाओं और बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जनपद में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं का निःशुल्क टीकाकरण अवश्य कराएं।

उन्होंने बताया कि एचपीवी संक्रमण महिलाओं में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है और समय पर लगाया गया टीका इस गंभीर बीमारी से बचाव का सुरक्षित एवं प्रभावी माध्यम है। यह टीका पूरी तरह सुरक्षित, गुणवत्तापरक तथा चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप है। दुनिया के 100 से अधिक देशों में इसका सफल उपयोग किया जा रहा है।
जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पर सोमवार से शनिवार तक सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। टीकाकरण के लिए आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र या अन्य आयु प्रमाणित दस्तावेज तथा मोबाइल नंबर साथ लाना आवश्यक होगा।
जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि टीकाकरण को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से यह अभियान सफल होगा और जिले की बेटियां स्वस्थ व सुरक्षित बनेंगी।









