बलिया । जनपद में रविवार को अमर उजाला द्वारा शिवधनी होटल, हनुमानगंज में आयोजित “भविष्य ज्योति कार्यक्रम” में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह एवं मुख्य कोषाधिकारी बलिया शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय के कुलपति, एसपी बलिया तथा सीटीओ द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में एसपी बलिया ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, चुनौतियों और उनके समाधान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और यदि युवाशक्ति का सही दिशा में उपयोग किया जाए तो भारत शीघ्र विकसित राष्ट्र बन सकता है।

इस दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया। एसपी ने सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत फोटो, मोबाइल नंबर, पता, बैंक संबंधी जानकारी और अन्य निजी सूचनाएं साझा न करने की सलाह दी। साथ ही सोशल मीडिया प्रोफाइल को प्राइवेट या लॉक रखने तथा केवल परिचित लोगों को ही मित्र सूची में जोड़ने के लिए प्रेरित किया।

छात्र-छात्राओं को अनजान लिंक, मैसेज, ओटीपी और फर्जी APK फाइल्स से होने वाले साइबर फ्रॉड एवं मोबाइल हैकिंग के खतरों के बारे में भी जागरूक किया गया। उन्हें केवल आधिकारिक और विश्वसनीय प्लेटफॉर्म से ही एप डाउनलोड करने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में ऑनलाइन गेमिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, साइबर बुलिंग से बचाव तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तुरंत अभिभावकों या पुलिस को देने के लिए भी प्रेरित किया गया।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।








