गाजीपुर । जनपद के मरदह क्षेत्र में अपने अनोखे करतब से देश-विदेश में पहचान बना चुके प्रसिद्ध पहलवान धर्मेंद्र राजभर का भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। वरिष्ठ बसपा नेता लल्लन राजभर ने उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र राजभर ने अपनी अद्भुत प्रतिभा और हठयोग के दम पर पूरे समाज और जिले का नाम रोशन किया है। बहराइच जिले के मिहींपुरवा क्षेत्र के निवासी धर्मेंद्र अपने सिर, हाथ, पैर और घुटनों से नारियल फोड़ने की कला के लिए चर्चित हैं।
अब तक वे एक लाख से अधिक नारियल तोड़ चुके हैं और उनका लक्ष्य दो मिनट में 251 नारियल तोड़कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाना है। प्रयागराज महाकुंभ समेत देश के कई हिस्सों में उनके प्रदर्शन को लोगों ने खूब सराहा है। उन्होंने एक मिनट 25 सेकेंड में 211 नारियल तोड़कर लोगों को हैरत में डाल दिया था।
धर्मेंद्र ने बताया कि मजदूरी के दौरान रोहतक में उन्होंने इस कला की शुरुआत की थी। अब 7 जून को धर्मागतपुर गांव में आयोजित कार्यक्रम में वे 7 मिनट में 651 नारियल सिर से तोड़ने का प्रदर्शन करेंगे और विश्वभर के लोगों को रिकॉर्ड तोड़ने की खुली चुनौती दी है।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।







