Search
Close this search box.

वाराणसी: काल भैरव मंदिर में श्रद्धालुओं से अवैध वसूली करने वाले 11 गिरफ्तार

वाराणसी। बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी में श्रद्धालुओं से अवैध वसूली करने वालों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। श्री काल भैरव मंदिर में ‘सुगम दर्शन’ के नाम पर श्रद्धालुओं से अवैध वसूली और दुर्व्यवहार करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

कार्रवाई सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में कोतवाली थाना पुलिस द्वारा की गई।

पुलिस को सूचना मिली थी कि मंदिर के निकास द्वार पर कुछ लोग भीड़ लगाकर श्रद्धालुओं को गुमराह कर रहे हैं और सुगम दर्शन के नाम पर जबरन पैसे वसूल रहे हैं। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी श्रद्धालुओं के साथ दुर्व्यवहार और झगड़ा भी करते थे, जिससे मंदिर परिसर में शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई थी।

सूचना के आधार पर एसीपी विजय प्रताप सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और 11 आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया।

पुलिस की इस कार्रवाई से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं ने राहत महसूस की है। वहीं प्रशासन ने साफ किया है कि धार्मिक स्थलों पर अवैध वसूली और श्रद्धालुओं के उत्पीड़न को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें