गाजीपुर । जनपद के करण्डा थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस और पॉक्सो एक्ट के वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, मैनपुर ताल के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की गंभीर धाराओं में वांछित चल रहे मो. तस्लीम को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करण्डा भेजकर उपचार कराया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देशी तमंचा 0.315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामद हथियार और फायरिंग की घटना के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में नया मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. तस्लीम पुत्र स्वर्गीय शमीम निवासी ग्राम मैनपुर, थाना करण्डा, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से पॉक्सो मामले में फरार चल रहा था। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।








