मिर्जापुर। जिले में किशोरी से दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या कर शव सूखे नाले में फेंकने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस सनसनीखेज वारदात को किशोरी के प्रेमी और उसके दोस्त ने मिलकर अंजाम दिया था। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश में दबिश दे रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मामले में वांछित आरोपी इलाके में मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने भागने की कोशिश की। इस दौरान हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई।
घायल आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हथियार भी बरामद किए हैं।
मामले में पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।








