गाजीपुर । जनपद के रेवतीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पकड़ी में एक युवक पर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने और लोगों को धमकाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार विशाल शर्मा पुत्र विनोद शर्मा की गतिविधियों को लेकर क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि वह पूर्व में शराब तस्करी के मामले में जेल भी जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद उसकी गतिविधियां लगातार चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि युवक खुलेआम असलहा लेकर घूमता है और लोगों को धमकाकर क्षेत्र में दहशत फैलाता है। यह भी कहा जा रहा है कि वह लगातार अपना ठिकाना बदलता रहता है और एक स्थान पर अधिक समय तक नहीं रुकता। स्थानीय लोगों के मुताबिक उसकी गतिविधियां उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार तक फैली हुई हैं। हालांकि इन सभी आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक पुलिस प्रशासन द्वारा नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था कायम रहे और लोगों में सुरक्षा की भावना बनी रह सके।







