बलिया । में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी ने महोबा में दलित छात्रा के अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और अमानवीय अत्याचार के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 25 मई को जिलाधिकारी कार्यालय एवं तहसील मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

जिला अध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, कठोर कार्रवाई, पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा तथा आर्थिक सहायता देने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है और अपराधियों में भय समाप्त हो गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अपराधमुक्त प्रदेश के दावे को “जुमलेबाजी” बताया।

कांग्रेस नेताओं ने महिलाओं और दलितों के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग की। प्रदर्शन में जिले के विभिन्न तहसीलों से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। बांसडीह, बलिया, बेल्थरा, रसड़ा और बैरिया से आए नेताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपराधियों को कड़ी सजा देने की मांग उठाई।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।






