Search
Close this search box.

दिलदारनगर में दो मौतों से सनसनी, ट्रेन हादसे में महिला की मौत तो फरक्का एक्सप्रेस में मिला यात्री का शव

गाजीपुर । जिले के दिलदारनगर क्षेत्र में रविवार रात दो अलग-अलग घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। पहली घटना पूर्व मध्य रेलवे के जमानियां-दिलदारनगर रेलखंड स्थित कुसी गांव के पास हुई, जहां शौच के लिए जा रही 50 वर्षीय प्रमिला देवी ट्रेन की चपेट में आ गईं। हादसे में उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि मृतका के पति चेन्नई में मजदूरी करते हैं और परिवार में तीन पुत्रियां व तीन पुत्र हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं दूसरी घटना में फरक्का एक्सप्रेस के जनरल कोच से एक अधेड़ यात्री का शव बरामद होने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। रेल कंट्रोल की सूचना पर दिलदारनगर जीआरपी ने शव की पहचान पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी निवासी 45 वर्षीय राजेश चौधरी के रूप में की। वह कानपुर से जलपाईगुड़ी जा रहे थे। उनके पास से आधार कार्ड और पुराना जनरल टिकट बरामद हुआ। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।

संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।

Leave a Comment

और पढ़ें