वाराणसी। -शक्तिनगर मार्ग पर अहरौरा थाना क्षेत्र के कुदारन गांव के समीप बुधवार भोर करीब दो बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। वाराणसी से सोनभद्र की ओर जा रहा नमक लदा अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसा। हादसे में सुखिया देवी (70), राजा राम (45) और चंद्रतारा देवी (45) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुहानी (12) और सुनील (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया।

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग की दोनों लेन जाम कर दीं। ग्रामीणों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों और जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग की। इसी दौरान भीड़ और पुलिस के बीच झड़प हो गई तथा अहरौरा थानाध्यक्ष अजय मिश्र की सरकारी गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया।


मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी चुनार अनेग सिंह, क्षेत्राधिकारी मड़िहान मोहम्मद फहीम समेत कई थानों की पुलिस पहुंची। परिजनों ने उचित मुआवजे और इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। पुलिस ने ट्रक और चालक को हिरासत में ले लिया है। क्षतिग्रस्त वाहन और पथराव की जांच की जा रही है।
रिपोर्टिंग अनुप कुमार







