गाजीपुर । जनपद में प्रस्तावित सूचना संकुल भवन के निर्माण में लगातार हो रही देरी को लेकर यूनाइटेड मीडिया पत्रकार एसोसिएशन जनपद इकाई गाजीपुर ने नाराजगी जताई है। संगठन ने जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। एसोसिएशन का आरोप है कि प्रदेश के अधिकांश जनपदों में सूचना संकुल भवन निर्माण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है, जबकि गाजीपुर में अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
संगठन के अनुसार, गाजीपुर के लिए बजट आवंटन की संभावित जानकारी सामने आने के बावजूद स्थानीय स्तर पर भूमि आवंटन और प्रशासनिक प्रक्रिया में हो रही देरी के कारण परियोजना लंबित है। पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है।
एसोसिएशन ने कहा कि सूचना संकुल भवन बनने से पत्रकारों को एक ही स्थान पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे पत्रकारिता कार्य को सुगमता मिलेगी और जिले का सूचना तंत्र भी अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनेगा।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।







