लखनऊ। राजधानी के Sushant Golf City इलाके में यूपीएससी की तैयारी कर रही एक छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने पुराने दोस्त और उसके साथियों पर नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद आरोपियों ने छात्रा को ट्रेन में बैठाकर फरार होने की कोशिश की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की पांच टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।
जानकारी के अनुसार, जौनपुर निवासी पीड़िता दिल्ली के एक प्रतिष्ठित कॉलेज में बीए ऑनर्स द्वितीय वर्ष की छात्रा है और सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही है। कॉलेज में अवकाश होने के कारण वह 1 मई को अपने लखनऊ स्थित घर आई थी। 15 मई को परीक्षा के लिए वापस दिल्ली लौटते समय उसके पिता ने उसे जाफराबाद रेलवे स्टेशन से सुहेलदेव एक्सप्रेस में बैठाया था।
ट्रेन में बैठने के बाद छात्रा ने अपने चार साल पुराने परिचित शिवम यादव को व्हाट्सएप पर संदेश भेजा। आरोप है कि संदेश मिलने के बाद शिवम चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंचा और छात्रा को अपने कमरे पर चलने के लिए राजी कर लिया। इसके बाद वह उसे सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र स्थित अपने कमरे पर ले गया।
पीड़िता का आरोप है कि वहां शिवम यादव ने उसे कॉफी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे वह बेहोश होने लगी। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में अपने साथियों को भी बुला लिया। आरोप है कि अन्य युवकों ने भी छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो आरोपी उसे जनरल टिकट देकर दिल्ली जाने वाली ट्रेन में बैठाकर फरार हो गए।
होश आने पर छात्रा ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। दिल्ली पहुंचने के बाद परिवार ने Delhi Police के आनंद विहार थाने में जीरो एफआईआर दर्ज कराई, जिसे बाद में लखनऊ पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया।
मामले में एडीसीपी रल्लापल्ली बसंत ने बताया कि पुलिस की पांच टीमें सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों से आरोपियों की तलाश कर रही हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि पुलिस कार्रवाई की भनक लगने के बाद आरोपी मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गए हैं। पुलिस उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों में भी दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी शिवम यादव अक्सर लखनऊ में रहने वाले अपने भाई के पास आता-जाता था। दूसरा आरोपी सनी लखनऊ में डिलीवरी बॉय का काम करता है। तीसरे आरोपी की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले के अन्य पहलुओं का भी खुलासा हो सकेगा।








