Search
Close this search box.

वरिष्ठ पत्रकार स्व० बालेश्वर लाल की 39वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

बलिया । ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन तहसील इकाई गड़वार के तत्वावधान में एसोसिएशन के संस्थापक एवं वरिष्ठ पत्रकार स्व० बालेश्वर लाल की 39वीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम उनके निजी आवास के समीप स्थित सभागार में आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने स्व० बालेश्वर लाल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि सभा का वातावरण पूरी तरह भावुक और श्रद्धामय बना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रसड़ा के नाथ बाबा मठ के महंत रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्व० बालेश्वर लाल ने पत्रकारिता को समाज सेवा का माध्यम बनाया और निष्पक्ष पत्रकारिता की मिसाल पेश की। वक्ताओं ने कहा कि आज के दौर में उनके सिद्धांत और विचार नई पीढ़ी के पत्रकारों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने ग्रामीण पत्रकारिता को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

सभा में उपस्थित वक्ताओं ने पत्रकारिता के मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारियों और सत्य के पक्ष में निर्भीक होकर आवाज उठाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। अंत में सभी ने स्व० बालेश्वर लाल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन करते हुए उन्हें सच्चा समाजसेवी और कर्मठ पत्रकार बताया।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें