बलिया । बैरिया थाना क्षेत्र में स्वाट/सर्विलांस टीम और थाना बैरिया पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पांच अंतरराज्यीय वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त चोरी के वाहनों को बिहार में बेचने की तैयारी में थे। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए सीएचसी सोनबरसा भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 19 जुलाई 2026 की रात करीब 2:45 बजे पुलिस टीम बैरिया-बिहार मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल से जा रहे आरोपियों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का आरोप है कि घिरता देख हेमन्त सिंह ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी।
गिरफ्तार आरोपियों में हेमन्त सिंह, हर्ष राज सिंह उर्फ राज सिंह, दिनेश श्रीवास्तव, अनुज उपाध्याय उर्फ शिवम उपाध्याय और जयकुमार गोड़ उर्फ सन्टुल गोड़ शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक ट्रैक्टर, एक ट्रैक्टर ट्रॉली, 11 मोटरसाइकिल, दो पंपिंग सेट मोटर, चोरी करने के उपकरण, एक अवैध तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।








