Search
Close this search box.

कामजी शाह गोंड की हिरासत में मौत पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का विरोध, दोषी पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग

वाराणसी। बलिया जिले के रेवती थाना क्षेत्र के गायघाट निवासी कामजी शाह गोंड की कथित पुलिस हिरासत में मौत के मामले को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर कठोर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। जिलाधिकारी वाराणसी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कामजी शाह गोंड को 8 जुलाई 2026 को पुलिस हिरासत में लेकर बेरहमी से पीटा गया। गंभीर हालत में उन्हें 10 जुलाई को उपचार के लिए वाराणसी लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

पार्टी ने घटना को मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन बताते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तत्काल निलंबन और कठोर कार्रवाई की मांग की। साथ ही मृतक के आश्रित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की गई।

ज्ञापन में पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीश से कराने की भी मांग उठाई गई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने 18 जुलाई की शाम जिला मुख्यालय से अंबेडकर पार्क तक कैंडल मार्च निकालकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया और सरकार से शीघ्र न्याय की मांग की।

Leave a Comment

और पढ़ें