वाराणसी। भीषण गर्मी के बीच यात्रियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा संचालित ग्रीष्मकालीन जल सेवा अभियान के तहत मऊ रेलवे स्टेशन पर नि:शुल्क जल सेवा शिविर का आयोजन किया गया। यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (कैरेज एवं वैगन) अनुभव पाठक के नेतृत्व में चलाया जा रहा है।

बुधवार को पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ, मऊ शाखा के सुभाष स्काउट ग्रुप एवं स्वरूप रानी गाइड ग्रुप द्वारा मऊ स्टेशन पर सेवा शिविर लगाकर यात्रियों को शीतल जल, शरबत एवं बिस्किट वितरित किए गए। इस दौरान स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों के साथ-साथ विभिन्न ट्रेनों के जनरल कोचों में सफर कर रहे यात्रियों को भी राहत पहुंचाई गई।

अभियान के तहत गाड़ी संख्या 14005 सीतामढ़ी-आनंद विहार टर्मिनस लिच्छवी एक्सप्रेस तथा 15129/15130 गोरखपुर छावनी-वाराणसी सिटी मेल एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों के आगे और पीछे लगे जनरल कोचों में स्काउट एवं गाइड सदस्यों ने यात्रियों को ठंडा पानी और शरबत वितरित किया।
कार्यक्रम का संचालन रोवर लीडर विनोद कुशवाहा एवं स्काउट मास्टर पुष्कर कुमार के नेतृत्व में किया गया। वहीं ग्रुप लीडर एवं उप मुख्य चल टिकट निरीक्षक, मऊ राकेश कुमार द्वारा 20 लीटर क्षमता वाले 10 जार शीतल आरओ पानी की व्यवस्था कराई गई। स्काउट्स एवं गाइड्स के 10 सदस्यों ने विभिन्न ट्रेनों के जनरल कोचों के समीप पहुंचकर यात्रियों को ठंडा पानी उपलब्ध कराया।











