वाराणसी । 11 जून 2026 पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. रामकृष्णन के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) यात्रियों की सुरक्षा, रेल संपत्ति की रक्षा और मानव तस्करी की रोकथाम के लिए लगातार अभियान चला रहा है। इसी क्रम में आरपीएफ और जीआरपी ने बनारस स्टेशन पर सतर्कता का परिचय देते हुए एक महिला की जान बचा ली।

10 जून को बनारस स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर खड़ी 15138 बुध पूर्णिमा एक्सप्रेस के प्रस्थान के दौरान एक महिला अचानक ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास करने लगी। मौके पर मौजूद आरपीएफ और जीआरपी कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बचा लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम सुनैना और पता चितईपुर, वाराणसी बताया। बाद में उसे समझाकर उसके परिजनों को सुरक्षित सौंप दिया गया।

वहीं, ऑपरेशन अमानत के तहत आरपीएफ ने यात्रियों के खोए सामान भी बरामद कर उन्हें वापस कराया। ट्रेन संख्या 15109 से छूटा लगभग 10 हजार रुपये मूल्य का ट्रॉली बैग भटनी स्टेशन पर सुरक्षित रखकर उसकी मालकिन नम्रता प्रतवानी (सीवान) को सौंपा गया।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 05184 के एस-3 कोच से मिला मोबाइल फोन और चार्जर, जिसकी कीमत करीब 12 हजार रुपये थी, गाजीपुर निवासी प्रेमशिला को पहचान सत्यापन के बाद वापस किया गया। सामान प्राप्त करने वाले यात्रियों ने रेलवे प्रशासन और आरपीएफ की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। रेलवे सुरक्षा बल की इस सक्रियता से यात्रियों में सुरक्षा और विश्वास की भावना और मजबूत हुई।









