वाराणसी । नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, अन्यथा संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गुरुवार को नगर आयुक्त ने डिठोरी महल मस्जिद के पास से मौर्य बैग के सामने स्थित गली में इंटरलॉकिंग, पेयजल और सीवर लाइन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई दिनों से बंद पड़े इंटरलॉकिंग और सीवर कार्यों पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित सहायक अभियंता को तत्काल कार्य शुरू कर निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में यह भी पाया गया कि सीवर लाइन बिछाए जाने के बावजूद कुछ घरों के कनेक्शन नहीं जोड़े गए हैं। इस पर नगर आयुक्त ने सभी लंबित कनेक्शन तत्काल जोड़ने का आदेश दिया। वहीं गली में बिछाई गई इंटरलॉकिंग का स्तर असमान मिलने पर उसे दोबारा ठीक कराने के निर्देश दिए गए।

स्थानीय नागरिकों द्वारा पुरानी सीवर लाइन के बार-बार चोक होने की शिकायत पर नगर आयुक्त ने नई और क्षमता अनुसार सीवर लाइन का प्रस्ताव तैयार करने को कहा। साथ ही री-बोर किए गए मिनी ट्यूबवेल के सुचारू संचालन में लापरवाही पाए जाने पर जलकल विभाग को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने की चेतावनी दी। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।










