गाजीपुर । देवगन सिनेक्स सुहासिनी परिसर स्थित रोटरी क्लब गाजीपुर के कार्यालय में निदेशक मंडल की आकस्मिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी सत्र 2026-27 की तैयारियों पर चर्चा हुई और यह जानकारी दी गई कि 1 जुलाई से नवनिर्वाचित अध्यक्ष विनीता सिंह तथा सचिव सुमन सर्राफ अपने पदभार ग्रहण करेंगी।
रोटरी क्लब गाजीपुर के डायरेक्टर क्लब सर्विस रोटेरियन संजीव कुमार सिंह ने बताया कि क्लब के 72 वर्ष के इतिहास में यह पहला अवसर है जब किसी महिला सदस्य को अध्यक्ष पद के लिए चुना गया है। विशेष बात यह भी है कि आगामी सत्र में अध्यक्ष और सचिव दोनों पदों पर महिला सदस्य कार्यभार संभालेंगी। उन्होंने बताया कि 5 जुलाई 2026 को होटल नंद रेजीडेंसी में पदग्रहण समारोह आयोजित किए जाने की संभावना है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष विनीता सिंह ने कहा कि वह कई वर्षों से रोटरी क्लब एवं इनर व्हील क्लब गाजीपुर से जुड़ी हैं और विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुकी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सदस्यों के सहयोग से वह अपने कार्यकाल में पूरी निष्ठा के साथ दायित्व निभाएंगी। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब अपने पारंपरिक सेवा कार्यक्रमों के साथ-साथ नई सामाजिक परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाएगा, ताकि जरूरतमंद लोगों को अधिक लाभ पहुंचाया जा सके।
बैठक में सुमन सर्राफ, संजीव कुमार सिंह, बरुण कुमार अग्रवाल, अरविंद कुमार शर्मा, सैयद जीशान जिया, संतोष कुमार वर्मा, विनय कुमार सिंह तथा इनर व्हील अध्यक्षा मंजू सेठ सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अमृत चौरसिया रिपोर्टिंग गाजीपुर।







