बलिया । विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को जिला चिकित्सालय एवं रेडक्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने फीता काटकर किया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि रक्त मानव जीवन का अमूल्य आधार है। दुर्घटनाओं, प्रसव, बड़ी शल्य चिकित्सा, कैंसर, थैलेसीमिया और हीमोफीलिया जैसी गंभीर परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे समय में स्वैच्छिक रक्तदाता किसी अज्ञात व्यक्ति के लिए जीवनदाता बनकर सामने आते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने और रक्तदाताओं के सम्मान हेतु प्रतिवर्ष 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस मनाया जाता है।
जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन वर्ष 2004 से इस दिवस का आयोजन कर रहा है। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कहा कि रक्तदान महादान है, क्योंकि एक यूनिट रक्त से तीन मरीजों की सहायता की जा सकती है। उन्होंने नियमित और स्वैच्छिक रक्तदान को समाज के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
शिविर में कुल 20 लोगों ने रक्तदान किया। कार्यक्रम के दौरान सभी रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं तथा मेडिकल स्टाफ को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुजीत यादव ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।








