बलिया । केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयाल ने विकास भवन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का ऐसा देश है, जिसने कोरोना काल से लेकर आज तक करोड़ों लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराकर उनके जीवनयापन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही डबल इंजन सरकार ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जो पहले कभी देखने को नहीं मिले।
दयाशंकर मिश्र दयाल ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। उन्होंने आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, सड़क, बिजली और किसानों के हित में संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार की उपलब्धियों को मीडिया के समक्ष रखा।

प्रेस वार्ता के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह सहित जिले के विभिन्न अधिकारी एवं बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।








