हरदोई। समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष शराफत अली का पूर्व सांसद उषा वर्मा, पूर्व विधायक राजेश्वरी देवी तथा महिलाओं के प्रति कथित आपत्तिजनक ऑडियो वायरल होने के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हरदोई जिले की पूरी कार्यकारिणी भंग कर दी थी। इस कार्रवाई के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में हलचल और तेज हो गई है।
इसी बीच 161 विधानसभा संडीला के समाजवादी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने पार्टी नेतृत्व से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष मुकेश यादव को हरदोई का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किए जाने की मांग उठाई है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि मुकेश यादव को संगठन का लंबा अनुभव है और उनके नेतृत्व में पार्टी को नई मजबूती मिल सकती है।
सपा कार्यकर्ताओं के अनुसार, मुकेश यादव ने अपना पूरा जीवन समाजवादी विचारधारा और पार्टी संगठन को समर्पित किया है। उन्होंने हमेशा निस्वार्थ भाव से जनता की सेवा की है तथा बूढ़े-बुजुर्ग, युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत बनाने का निरंतर प्रयास किया है।
संडीला विधानसभा के कार्यकर्ताओं का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में मुकेश यादव को हरदोई जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपे जाने से पार्टी संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। अब सभी की नजरें पार्टी हाईकमान के अगले निर्णय पर टिकी हैं।
ओमजीत यादव, उजाला संचार न्यूज








