चन्दौली। डीडीयू नगर भारतीय चौरसिया महासभा की एक शोक सभा प्रदेश अध्यक्ष पारसनाथ चौरसिया के कैलाशपुरी स्थित आवास पर आयोजित की गई। सभा में देवरिया जनपद के सुरौली निवासी 36 वर्षीय शिवानंद चौरसिया सहित तीन भारतीय नाविकों की स्टेट ऑफ होर्मुज में समुद्री जहाज पर हुई बमबारी में मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित लोगों ने शिवानंद चौरसिया के चित्र पर माल्यार्पण कर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रदेश अध्यक्ष पारसनाथ चौरसिया ने बताया कि शिवानंद एक गरीब किसान परिवार से थे और परिवार के भरण-पोषण के लिए छह माह पूर्व मुंबई गए थे। बाद में उन्हें समुद्री जहाज पर इंजन फिटर के रूप में कार्य मिला। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं।
महासभा ने भारत सरकार से शिवानंद चौरसिया को शहीद का दर्जा देने, परिवार को 10 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता तथा एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार से 2 करोड़ रुपये की सहायता और मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं पीड़ित परिवार से मिलने की अपील की गई।
प्रदेश उपाध्यक्ष भागवत नारायण चौरसिया ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए केंद्र सरकार से भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और इस मामले में प्रभावी कदम उठाने की मांग की। सभा में अनेक पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।










