Search
Close this search box.

सीएम डैशबोर्ड समीक्षा में डीएम सख्त: खराब रैंकिंग पर जताई नाराजगी, लंबित परियोजनाएं समय से पूरी करने के निर्देश

बलिया । जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति का आकलन किया। जननी सुरक्षा योजना एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की ‘सी’ तथा पंचायती राज और सेतु निर्माण विभाग की ‘बी’ रैंकिंग पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को प्रदर्शन सुधारने के निर्देश दिए।

डीएम ने जर्जर विद्यालयों की सूची तैयार कर कार्ययोजना बनाने, बिजली कनेक्शन से वंचित विद्यालयों को तत्काल विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने तथा पांच करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। सीएचसी मनियर, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बेलहरी और आश्रम पद्धति बालिका विद्यालय हुसैनाबाद सहित कई निर्माण कार्यों को तय समय सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया।

बैठक में आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा के दौरान समाज कल्याण, विद्युत और ग्राम्य विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर भी डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने चेतावनी दी कि जिन विभागों का फीडबैक 50 प्रतिशत से कम रहेगा, वहां संबंधित अधिकारियों और कंप्यूटर ऑपरेटरों का वेतन रोका जाएगा।

गलत या भ्रामक आख्या रिपोर्ट अपलोड करने वालों के खिलाफ कार्रवाई और वेतन कटौती की भी चेतावनी दी गई। डीएम ने सभी अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें