गाजीपुर । मरदह थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की गंभीर धाराओं में वांछित चल रहे आरोपी संतोष यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार करहर बुजुर्ग तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया।

पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख आरोपी संतोष यादव ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरदह में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
मौके से पुलिस ने एक 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक अपाचे मोटरसाइकिल तथा 750 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की अतिरिक्त धाराओं में नया मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार संतोष यादव का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में लूट, धोखाधड़ी सहित कई मामलों में जेल जा चुका है। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।








