वाराणसी। कचहरी परिसर के प्रस्तावित विस्तार और उसके संभावित स्थानांतरण के विरोध में भदैनी स्थित अस्सी घाट के तिवारी जी के ऐतिहासिक चबूतरे पर अधिवक्ताओं द्वारा विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर कचहरी परिसर के विस्तार की मांग उठाई और इसे वर्तमान स्थान से दूसरी जगह स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव का विरोध किया।
धरने को संबोधित करते हुए बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद कुमार शुक्ल तथा बनारस बार क्लब के संरक्षक अजय पांडेय बबलू ने कहा कि कचहरी परिसर का विस्तार वर्तमान स्थान पर ही किया जाना चाहिए, ताकि अधिवक्ताओं के लिए पर्याप्त चैंबर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
अधिवक्ताओं का कहना है कि यदि कचहरी परिसर को दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाता है तो वकीलों के साथ-साथ न्यायिक कार्यों से जुड़े आम लोगों को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थान शहर के केंद्र में होने के कारण लोगों की पहुंच आसान है, जबकि स्थानांतरण से न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
धरने में मौजूद अधिवक्ताओं ने द सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रसाद गौतम के उस पक्ष का समर्थन किया, जिसमें कचहरी परिसर को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की चर्चाओं का विरोध किया गया है। अधिवक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि कचहरी परिसर अपने वर्तमान स्थान पर ही रहेगा और यहीं से उसका विस्तार किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने शासन और प्रशासन से कचहरी परिसर के विस्तार संबंधी मांगों पर गंभीरता से विचार करने तथा अधिवक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेने की अपील की।
रिपोर्टर : अशोक कुमार गुप्ता







