वाराणसी । मंडल के छपरा-कचहरी–थावे रेलखंड पर स्थित दिघवा दुबौली रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को सूरत-थावे-सूरत ताप्ती गंगा एक्सप्रेस के नए ठहराव का शुभारंभ किया गया। बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी तथा गोपालगंज के सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने हरी झंडी दिखाकर इस महत्वपूर्ण रेल सुविधा की शुरुआत की। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही क्षेत्रीय लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और समारोह तालियों की गड़गड़ाहट के बीच संपन्न हुआ।

अपने संबोधन में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में रेल सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि दिघवा दुबौली रेलवे गेट संख्या 24सी पर रेल ओवरब्रिज तथा गेट संख्या 23सी पर अंडरपास निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है, जिससे जाम और आवागमन की समस्याओं से राहत मिलेगी। साथ ही उन्होंने रेलवे परिसर के सर्कुलेटिंग एरिया में एक सुंदर पार्क विकसित करने की मांग भी रखी।
सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने इसे क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने का परिणाम बताते हुए कहा कि इससे हजारों यात्रियों को लाभ मिलेगा और भविष्य में अन्य ट्रेनों के ठहराव का मार्ग भी प्रशस्त होगा।

अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) अजय सिंह ने बताया कि ट्रेन संख्या 19045 सूरत-थावे एक्सप्रेस शाम 7:20 बजे पहुंचकर 7:22 बजे रवाना होगी, जबकि 19046 थावे-सूरत एक्सप्रेस सुबह 6:28 बजे पहुंचकर 6:30 बजे प्रस्थान करेगी। इस अतिरिक्त ठहराव से आसपास के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए अन्य स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।






