Search
Close this search box.

मालदीपुर गंगा घाट पर स्नान के दौरान किशोर लापता, एनडीआरएफ व पुलिस ने शुरू किया खोज अभियान

बलिया । जनपद मुख्यालय से सटे मालदीपुर गंगा घाट पर गुरुवार सुबह गंगा स्नान के दौरान एक 17 वर्षीय किशोर के नदी में लापता होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पालिका परिषद बलिया के रामपुर उदयभान निवासी दीपू यादव (17 वर्ष), पुत्र शंकर यादव एवं माता सीता देवी, अपने मित्र धनंजय गॉड के साथ सुबह करीब 4 बजे गंगा स्नान करने मालदीपुर घाट पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान दोनों युवक नदी के गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए धनंजय गॉड को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दीपू यादव तेज धारा और गहराई में समा गया तथा लापता हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना फेफना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया। सुबह करीब 6 बजे से शुरू हुआ खोज एवं बचाव अभियान लगातार जारी रहा। एनडीआरएफ के जवानों और पुलिसकर्मियों ने गंगा नदी में व्यापक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन सुबह 9 बजे तक किशोर का कोई पता नहीं चल सका।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घाट पर पहुंच गए। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। न्यूज़ 9 नेटवर्क की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया तथा स्थानीय लोगों और परिजनों से बातचीत कर उनकी पीड़ा को सामने लाया। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम खोज अभियान में जुटी हुई है।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें