Search
Close this search box.

सावन, कांवड़ यात्रा और मोहर्रम को लेकर गाजीपुर प्रशासन अलर्ट, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए दिए गए सख्त निर्देश

गाजीपुर । में आगामी सावन माह, कांवड़ यात्रा एवं मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले अराजक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध समय रहते वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सभी पर्वों की संवेदनशीलता को देखते हुए छोटी से छोटी घटना को भी गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए यातायात व्यवस्था की प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने तथा मार्गों को जोन, सेक्टर और सब-सेक्टर में विभाजित कर पर्याप्त पुलिस बल, पिकेट और गश्त की व्यवस्था करने को कहा गया।

मोहर्रम के मद्देनजर ताजियादारों को ताजियों की ऊंचाई 10 फीट से कम रखने की सलाह दी गई। साथ ही अधिकारियों को ताजिया मार्गों का निरीक्षण कर पूर्व में विवादित स्थलों की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर और अन्य दंगा नियंत्रण उपकरण साथ रखने के लिए कहा गया।

सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखते हुए भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्टों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षकगण, उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

उमेश यादव गाजीपुर।

Leave a Comment

और पढ़ें