चन्दौली । जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने मुगलसराय-बबुरी-लेवा मार्ग चौड़ीकरण परियोजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मार्ग पर बन रही पुलियाओं और ड्रेनेज (नाली) निर्माण की गुणवत्ता एवं कार्य की गति की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि आगामी मानसून को देखते हुए सभी निर्माण कार्य वर्षा शुरू होने से पहले हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं।

उन्होंने कहा कि पुलिया और ड्रेनेज निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए ताकि बरसात के दौरान जलभराव और आवागमन संबंधी समस्याएं उत्पन्न न हों। डीएम ने विभागीय अभियंताओं को नियमित रूप से स्थल पर उपस्थित रहकर कार्यों की निगरानी करने तथा समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को बेहतर समन्वय स्थापित करने, आवश्यकतानुसार मैनपावर बढ़ाने और निर्माण कार्य में तेजी लाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण सड़क परियोजना समयबद्ध तरीके से पूरी कर आम जनता को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड तथा कार्यदायी संस्था के अधिकारी मौजूद रहे।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।





