चन्दौली। /डीडीयू नगर पूर्व मध्य रेल के पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने यात्री सुरक्षा और उनके सामानों की संरक्षा को लेकर चलाए जा रहे “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना के निर्देशन तथा वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान मई 2026 तक यात्री सामान चोरी के मामलों में संलिप्त 80 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार किए गए अपराधियों में गया पोस्ट से 47, डेहरी ऑन सोन से 18, डीडीयू से 8, सासाराम से 3, रफीगंज से 3 तथा जपला पोस्ट से 1 अपराधी शामिल हैं। आरपीएफ ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और प्रभावी निगरानी के माध्यम से इन अपराधियों को चोरी की संपत्ति के साथ पकड़ा। यह उपलब्धि पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 63 प्रतिशत अधिक है।
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार कई गिरफ्तार अपराधी पूर्व में भी चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। अभियान के दौरान कई मामलों का सफल खुलासा कर आरोपियों को विधिक कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसियों को सौंपा गया।

वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध भविष्य में भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान पर नजर रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 या निकटतम आरपीएफ कर्मी को दें।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।







