Search
Close this search box.

कैंसर ठीक करने का दावा करने वाले ‘बोतल बाबा’ गिरफ्तार, महिला से छेड़खानी का आरोप

कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले के देवराहट क्षेत्र में इलाज और अनुष्ठान के नाम पर लोगों को झांसा देने वाले कथित ‘बोतल बाबा’ हरिओम यादव को पुलिस ने महिला से छेड़खानी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में उनके एक सहयोगी को भी गिरफ्तार किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आलोक प्रसाद के अनुसार, आरोपी हरिओम यादव अनुष्ठान और तंत्र-मंत्र के नाम पर महिला के साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

देवराहट के चैन का पुरवा गांव में हरिओम यादव का आश्रम है, जहां वह ‘हरिधाम सरकार’ के नाम से प्रसिद्ध था। आश्रम में हर गुरुवार और रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते थे। बताया जाता है कि वह बोतल में भरे पानी में फूंक मारकर कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों को ठीक करने का दावा करता था।

पीड़ित महिला, जो वर्तमान में औरैया जिले में रहती है, ने बताया कि जून के पहले सप्ताह में उसके देवरों ने उसे बुलाया था, क्योंकि हरिधाम सरकार उनके घर आने वाले थे। महिला के अनुसार, बाबा ने घर में हवन कराया और कहा कि उसके ऊपर ‘काला साया’ है, जिसे दूर करने के लिए विशेष अनुष्ठान की आवश्यकता है। इसी दौरान कथित तौर पर महिला के साथ छेड़छाड़ का प्रयास किया गया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।

Leave a Comment

और पढ़ें